तृषा कृष्णन ने किए तिरुपति मंदिर के दर्शन, कभी डायरेक्टर ने कहा था- ये घर से न निकले तो बेहतर

एक्ट्रेस तृषा कृष्णन का आज 43वां बर्थडे है। इस खास मौके पर एक्ट्रेस ने तिरुपति बालाजी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। रविवार रात एक्ट्रेस तिरुपति के लिए रवाना हुई थीं, जिसके बाद अब उनके मंदिर दर्शन के विजुअल्स सामने आ रहे हैं। तृषा कृष्णन ऑफ व्हाइट ट्रेडिशन सूट पहने मंदिर पहुंचीं। टीम के साथ उन्होंने मंदिर के दर्शन किए। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद से ही उनके इस दर्शन को तमिलनाडु चुनाव के नतीजों से जोड़ा जा रहा है। दरअसल, तृषा कृष्णन इन दिनों थलपति विजय से नाम जुड़ने से चर्चा में हैं। विजय की पार्टी TVK (तमिलगा वेट्री कड़गम) एग्जिट पोल में 234 सीटों में 109 से आगे चल रही है।

चुनाव का रिजल्ट आने से ठीक पहले थलपति विजय के पिता एसएस चंद्रशेखर भी तिरुत्तनी मुरुगन मंदिर पहुंचे हैं। एसए चंद्रशेखर एक फिल्म डायरेक्टर हैं।

इससे कुछ समय पहले भी तृषा कृष्णन ने वोट डालने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर शेयर की थी। थलपति विजय से नाम जुड़ने के बाद उनकी ज्यादातर एक्टिविटीज को उन्हीं से जोड़कर देखा जा रहा है।

हाल ही में थलपति विजय की पत्नी संगीता सोनालिंगम ने विजय से तलाक की मांग करते हुए याचिका में लिखा कि एक्टर का अफेयर एक एक्ट्रेस से है। दोनों 2021 से रिलेशनशिप में हैं। विजय ने बार-बार एक्ट्रेस से रिश्ता खत्म करने का आश्वासन दिया, लेकिन ऐसा नहीं किया।

उन्होंने याचिका में ये भी कहा कि लगातार विजय की उस एक्ट्रेस के साथ वेकेशन की तस्वीरें सामने आती रहती हैं, जिससे उनकी मानहानि भी हुई है। तलाक से चर्चा में आए विजय कुछ समय बाद ही एक हाई प्रोफाइल शादी का हिस्सा बने, जहां एक्ट्रेस तृषा कृष्णन भी उनके साथ पहुंची थीं।