भागलपुर में एक हैरान करने वाला हादसा सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां एक ट्रेन की बोगी लोहिया पुल को तोड़ते हुए मुख्य बाजार में जा घुसी। जिसके बाद वहां अफरा तफरी मच गई। जहां यह घटना हुई वह स्टेशन का ही एरिया माना जाता है।
बताया जा रहा है कि एक ट्रॉली, ट्रेन की बोगी को लोड करके स्टेशन की ओर जा रही थी। अचानक टर्न लेते वक्त ट्रक चालक का कंट्रोल हाथ से छूट गया। चालक ने काफी कोशिश की लेकिन वह ट्रक को संभाल नहीं पाया। फिर क्या था पूरी बॉगी ट्रक की ट्रॉली से नीचे उतरने लगी।
वहीं जब तक चालक ट्रक को संभाल पाता तब तक ट्रक लोहिया पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए आगे निकल गया। हालांकि, इस दौरान किसी तरह की जान माल की क्षति की सूचना नहीं है।
इससे पहले पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी-मुजफ्फरपुर मार्ग में पीपराकोठी मुख्य चौराहे पर शुक्रवार को ट्रेलर पर ले जाया जा रहा एक हवाई जहाज फोरलेन पर बने ओवरब्रिज की छत से सट गया। इस कारण हवाई जहाज और ट्रेलर दोनों ही ओवरब्रिज में फंस गए। इस कारण विभिन्न राज्यों से आनेवाले वाहन (एक लेन में) जाम में फंस गए।
घटना के तत्काल बाद पहुंची पुलिस की टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत क बाद सुरक्षित तरीके से जहाज लदे ट्रेलर को बाहर निकलवाया। इस कारण से करीब एक घंटे तक एनएच पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने जहाज को निकालने के बाद राहत की सांस ली।