चिल्फी घाटी में चावल से भरा ट्रक पलटा, एनएच 30 पर दोनों ओर लगा जाम

कबीरधाम : राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर आज शुक्रवार को चिल्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागमोरी घाट में चावल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया. हादसे के बाद रायपुर से जबलपुर की ओर जाने वाले इस प्रमुख मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक जबलपुर से कवर्धा की ओर आ रहा था. चिल्फी घाट के घुमावदार सड़क पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक पलटकर मार्ग के बीच में ही अटक गया.दुर्घटना के बाद देखते ही देखते सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन सड़क के दोनों ओर फंस गए.जाम के कारण यात्री बस भी जाम में फंसी है जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा रहा है.

सूचना मिलते ही चिल्फी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई.थाना प्रभारी लालजी सिन्हा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने के लिए क्रेन बुला ली गई है.

गौरतलब है कि चिल्फी घाटी में सड़क संकरी होने और तीखे मोड़ होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. वाहन खराब होने या हादसा होने की स्थिति में पूरा मार्ग बाधित हो जाता है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने घाटी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा उपायों की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *