ट्रम्प बोले-फ्रांसीसी राष्ट्रपति पत्नी के थप्पड़ से उबर रहे, वाइफ का उनसे बर्ताव खराब

अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने एक बार फिर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पर उनकी पत्नी को लेकर तंज कसा है। ट्रम्प ने कहा कि मैक्रों अब भी जबड़े पर पड़े थप्पड़ से उबर रहे हैं। उनकी पत्नी उनके साथ बहुत खराब व्यवहार करती हैं। ट्रम्प ने मैक्रों पर यह टिप्पणी बुधवार को एक प्राइवेट लंच के दौरान की। ट्रम्प का यह वीडियो कुछ समय के लिए व्हाइट हाउस के यूट्यूब चैनल पर दिखा, लेकिन बाद में हटा दिया गया। मैक्रों पिछले साल 25 मई को वियतनाम दौरे पर पहुंचे थे। इसी दौरान हनोई के नोई बाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनकी पत्नी उन्हें थप्पड़ मारती दिखी थीं। ट्रम्प ने यह टिप्पणी उसी घटना को जोड़कर की थी। हालांकि, मैक्रों ने उस वीडियो को लेकर सफाई देते हुए कहा था कि मीडिया ने गलत अंदाजा लगाया था। ट्रम्प के मजाक के कुछ घंटों बाद मैक्रों ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, “हमें गंभीर रहना चाहिए। एक दिन कुछ और, अगले दिन कुछ और नहीं कहना चाहिए। बेहतर है कि हर दिन बयान देने के बजाय हालात को शांत करें और स्थायी शांति पर ध्यान दें।”

ट्रम्प फ्रांस से ईरान के खिलाफ जंग में साथ न देने को लेकर नाराज चल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने लंच के दौरान कहा कि उन्होंने मैक्रों से खाड़ी क्षेत्र में मदद मांगी थी और जहाज भेजने को कहा था। ट्रम्प ने मैक्रों के जवाब की नकल करते हुए कहा कि उन्होंने मना कर दिया और कहा, “नहीं, हम ऐसा नहीं कर सकते, डोनाल्ड। हम यह काम युद्ध जीतने के बाद करेंगे।” इस पर ट्रम्प ने जवाब दिया, “मुझे बाद में मदद नहीं चाहिए।”

ट्रम्प ने इस मौके पर NATO की भी आलोचना की और उसे “पेपर टाइगर” यानी कमजोर संगठन बताया। उन्होंने कहा कि अगर बड़ा युद्ध हुआ तो NATO काम नहीं आएगा। ट्रम्प NATO देशों से नाराज चल रहे हैं। उनका कहना है कि कई यूरोपीय देशों ने अमेरिका को अपने सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी और समुद्री मदद देने से भी पीछे हट गए। ट्रम्प ने यहां तक कहा कि वह अमेरिका को नाटो से बाहर निकालने पर भी विचार कर रहे हैं और इस गठबंधन को कमजोर बताया।