ट्रंप एक ‘इंटरनेशनल गैंगस्टर’ की तरह काम कर रहे… ब्रिटिश सांसद ने अमेरिकी राष्ट्रपति को बताया सबसे ‘भ्रष्ट’ नेता

ग्रीनलैंड हासिल करने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सनक के खिलाफ यूरोप में माहौल तेजी से विपरीत होता जा रहा है. यहां तक कि अमेरिका के सबसे भरोसेमंद सहयोगी ब्रिटेन के नेता भी अब यूएस के खिलाफ हो रहे हैं. लिबरल डेमोक्रेट नेता एड डेवी ने ट्रंप की आलोचना करते हुए उन्हें ‘इंटरनेशनल गैंगस्टर’ बताया. डेवी ने कहा कि ट्रंप अमेरिका में अब तक के सबसे ‘भ्रष्ट’ राष्ट्रपति हैं, जो धमकी देकर दुनिया को झुकाना चाहते हैं. एड डेवी ब्रिटेन की तीसरे नंबर की सबसे बड़ी पार्टी लिबरल डेमोक्रेट के नेता हैं. वे मंगलवार को संसद में ट्रंप की ओर से ब्रिटेन और दूसरे यूरोपीय देशों पर लगाए गए टैरिफ पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि डेनमार्क से ग्रीनलैंड को ‘खरीदने’ या कब्जा करने की ट्रंप की योजना खतरनाक है. इससे दुनियाभर में एक गलत परिपाटी शुरू होगी, जिसका खामियाजा आगे चलकर दुनिया के तमाम देशों को भुगतना होगा. ब्रिटिश सांसद ने मौजूदा वैश्विक माहौल को अत्यंत गंभीर बताया. अमेरिकी राष्ट्रपति पर बिना उकसावे के आक्रामकता दिखाने का आरोप लगाते हुए डेवी ने इससे दोनों मुल्कों के बीच विशेष संबंधों के खत्म हो जाने की चेतावनी दी.

डेवी ने कहा कि ट्रंप किसी बड़े देश के राष्ट्रपति के बजाय एक इंटरनेशल गैंगस्टर की तरह व्यवहार कर रहे हैं. जो पूरी दुनिया से अपनी बात को मनवाने के लिए सनकपन पर उतर गया है. उन्होंने ट्रंप प्रशासन पर एक सहयोगी देश की संप्रभुता को कुचलने और नाटो को पूरी तरह खत्म कर देने का आरोप लगाया. अमेरिकी राष्ट्रपति पर भड़कते डेवी ने कहा कि ट्रंप एक ऐसे धमकीबाज नजर आ रहे हैं. जो सोचता है कि ताकत के जरिए वह जो चाहे हासिल कर सकता है. उन्होंने तर्क दिया कि यह विवाद केवल अमेरिका के प्रमुख विरोधियों रूस और चीन को फायदा पहुंचाता है. उन्हें खुश करने वाले केवल व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग ही हैं.

उन्होंने यूके की लेबर पार्टी सरकार और पिछली कंजर्वेटिव सरकारों पर ट्रंप को खुश करने और उनके आगे झुकने का आरोप लगाया. डेवी ने कहा कि तुष्टिकरण की यह नीति अब विफल हो चुकी है. अब यूके को ट्रंप के सामने खड़े होने या उनके क्रिप्टो अकाउंट में कुछ अरब देकर रिश्वत देने के बीच चुनाव करना होगा.

यूरोप में यह विरोध ट्रंप की उस हालिया घोषणा से भड़का है. जिसमें उन्होंने फरवरी से यूके समेत 8 यूरोपीय देशों से आने वाले सामान पर 10% से 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की है. ट्रंप के अनुसार, ये टैरिफ उन देशों के खिलाफ सीधा बदला है, जिन्होंने डेनमार्क के ग्रीनलैंड को अमेरिका को सौंपने से इनकार का समर्थन किया है.

ट्रंप का दावा है कि अमेरिका को सुरक्षा कारणों से इस क्षेत्र की जरूरत है. जिससे चीन और रूस से संभावित खतरों का मुकाबला किया जा सके. ट्रंप ने तनाव को और बढ़ाते हुए सोशल मीडिया पर बनावटी तस्वीरें पोस्ट कीं. जिसमें अमेरिकी झंडा ग्रीनलैंड में गाड़ा हुआ दिख रहा था. साथ ही एक नक्शा भी शेयर किया, जिसमें ग्रीनलैंड और कनाडा दोनों अमेरिका का हिस्सा दिखाए गए थे.