ट्रम्प ने ममदानी का मजाक उड़ाया, कहा- वो न्यूयॉर्क वाला मंडानी या जो भी उसका नाम है..

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आज गुरुवार को भारतीय मूल के जोहरान ममदानी का मजाक उड़ाया। मियामी में एक बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने कहा, वो जो मंडानी या जो भी उसका नाम है… न्यूयॉर्क वाला… सोचता है कि मर्दों का महिलाओं के खेलों में खेलना बहुत अच्छा है। ट्रम्प का यह बयान जोहरान ममदानी के ट्रांसजेंडर अधिकारों को लेकर रुख पर तंज था। असल में ममदानी ट्रांसजेंडर लोगों के अधिकारों का समर्थन करते हैं। यानी अगर कोई व्यक्ति जन्म से पुरुष है लेकिन खुद को महिला मानता है (ट्रांसजेंडर वुमन) तो उसे महिलाओं की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति होनी चाहिए। ट्रम्प ने ममदानी को फिर से कम्युनिस्ट कहा। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क का रिजल्ट दिखाता है कि अब अमेरिकियों के सामने कम्युनिज्म और कॉमन सेंस के बीच चुनाव करना है। ट्रम्प बोले, “अगर आप देखना चाहते हैं कि संसद में बैठे डेमोक्रेट्स अमेरिका के साथ क्या करना चाहते हैं, तो बस न्यूयॉर्क के चुनाव नतीजे को देख लीजिए। जहां उनकी पार्टी ने देश के सबसे बड़े शहर में एक कम्युनिस्ट को मेयर बना दिया।”

न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि उनकी बड़ी जीत दिखाती है कि लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है और अब वह अपनी प्रोग्रेसिव नीतियों को लागू करेंगे। ममदानी ने बुधवार को दिए एक इंटरव्यू में कहा, “हमने जो वादा किया, उसे पूरा करना ही हमारा जनादेश है।” चुनाव प्रचार के दौरान ममदानी कई बार कह चुके थे कि यूनिवर्सल चाइल्ड केयर जैसी बड़ी योजनाएं बिना टैक्स बढ़ाए भी बजट से चल सकती हैं। लेकिन अब उनका रुख साफ हो गया है कि अमीरों पर टैक्स बढ़ेगा। दूसरी तरफ ट्रम्प ने ममदानी को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें सरकार का सम्मान करना होगा, वरना सफल नहीं हो पाएंगे।

अमेरिका में अपने दूसरे कार्यकाल की पहली बड़ी चुनावी परीक्षा में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को करारा झटका लगा है। पिछले एक साल के दौरान अपने फैसलों से जनता को चौंकाने वाले राष्ट्रपति ट्रम्प को इस बार मतदाताओं ने चकित कर दिया है। न्यूयॉर्क में मेयर की दौड़ में राष्ट्रपति ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा 2 राज्यों वर्जीनिया और न्यूजर्सी में गवर्नर के चुनाव में भी विपक्षी डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।

इसके बाद अमेरिका के 50 राज्यों में से 24 राज्यों में डेमोक्रेटिक गवर्नर और 26 राज्यों में रिपब्लिकन गवर्नर हो जाएंगे। ट्रम्प की पार्टी का दबदबा कम होगा।