छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शिवनाथ नदी में महमरा एनीकट के पास मंगलवार को दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। घटना के समय दोनों नहाने के लिए उतरे थे। इस दौरान ही एक युवक गहरे में चला गया। उसे बचाने के फेर में दूसरा युवक भी डूब गया। उनके साथ गए दोस्तों ने मदद की पुकार लगाई। आसपास मौजूद लोगों ने गोताखोरों की मदद से दोनों छात्रों की तलाश शुरू की।
चार घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया दोनों छात्रों का शव
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों छात्रों का शव निकाला जा सका। मृतक में हर्षित सुपेला एवं सुनील साहू महासमुंद का निवासी था। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों इंजीनियरिंग कालेज के छात्र थे। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलगांव थाना प्रभारी प्रदीप सोरी ने बताया के मंगलवार की दोपहर पौने तीन बजे के करीब आठ युवक शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट आए थे। इस दौरान वे नहाने के लिए एनीकट में उतरे। बताया जाता है कि सुपेला शांति नगर निवासी हर्षित भारशंकर पिता सुनील कुमार भारशंकर (21) का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
घटना के समय दोनों युवकों के दोस्तों ने आसपास मौजूद लोगों को पुकारा। एनीकट पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गोताखोर की टीम मौके पर पहुंची और दोनों छात्रों की तलाश शुरू की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव को बरामद किया।
परिजनों को सौंपा गया गया शव
मौके पर पहुंची अंजोरा पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा करके जिला अस्पताल भेज दिया था। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हर्षित फर्स्ट ईयर और सुनील सेकंड ईयर का छात्र था। दोनों के बीच काफी अच्छी दोस्ती थी। घटना के बाद से दोनों परिवार में मातम पसरा है