उज्जैन : साइकिल सवार की लापरवाही के चलते दो कारों में सीधी भिड़ंत…
मध्य प्रदेश से गुजरे उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाइवे पर हुए एक एक्सिडेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक साइकिल सवार की लापरवाही के चलते दो कारों में सीधी टक्कर हो गई. घटना 26 मार्च दोपहर 12 बजे माकड़ौन थाना क्षेत्र के डाबला हरदू पेट्रोल पम्प के पास घटी. इस दुर्घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है. घटना का वीडियो पीछे चल रही एक कार के डैश कैम में रिकॉर्ड हो गया, जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है.
पीछे चल रही एक कार के डैश कैम वीडियो में नजर आता है कि रोड पर चल रहा एक साइकिल सवार ग्रामीण बिना देखे अपनी साइकिल दूसरी ओर मोड़ देता है. अचानक रॉन्ग साइड पर साइकिल मोड़ने से उसके पीछे चल रहा कार चालक घबरा जाता है और उसे बचाने के लिए कार को तेजी से काटता है, लेकिन इसी बीच तेज रफ्तार में दूसरी ओर से आ रही कार से उसकी सीधी टक्कर हो जाती है और दोनों कारों के परखच्चे उड़ जाते हैं.
थाना प्रभारी के अनुसार, ” इस भीषण हादसे में आल्टो कार सवार 3 लोग घायल हुए हैं, वहीं वेन्यू कार में सवार लोगों को एयरबैग खुलने से मामूली चोट आई हैं. इसमें फरियादी मुकेश पिता भीमा जी चौधरी ग्राम बालोदा लक्खा, भगवान सिंह पिता भीम चौधरी ग्राम गिरोता गौतमपुरा घायल हुए व विष्णुबाई पति भगवान सिंह चौधरी घायल हैं. शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है लेकिन फरियादी ने यह नहीं बताया कि हादसा कैसा हुआ. ओर न ही वीडियो की जानकारी मुझे मिली है. आपके माध्यम से जानकारी मिली है, यदि वीडियो है तो केस उस आधार पर होगा.”
शुरुआत में पुलिस द्वारा इसे वैन्यू कार चालक की लापरवाही माना जा रहा था, लेकि पीछे चल रही एक ट्रैवलर के डैश कैम में ये पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया. थाना प्रभारी प्रदीप सिंह राजपूत ने बताया कि वीडियो सामने आने से अब इसे सामान्य दुर्घटना माना जा सकता है क्योंकि इसमें साइकिल चालक की वजह से दुर्घटना होना प्रतीत होता है. इससे फिलहाल आरोपी बनाए गए पक्ष को भी राहत मिल सकेगी.
