यूक्रेन ने पहली बार रूस पर अमेरिकी मिसाइलें दागीं, बाइडेन ने 2 दिन पहले दी थी मंजूरी

अंतरराष्ट्रीय

रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने पहली बार अमेरिका से मिली लंबी दूरी की मिसाइलें उनके इलाके में दागी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन ने मंगलवार सुबह ब्रियांस्क इलाके में लंबी दूरी वाली 6 आर्मी टेक्टिकल मिसाइल सिस्टम मिसाइलें दागीं। रूस ने कहा कि उन्होंने 5 मिसाइलों को मार गिराया है। रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन और अमेरिका के अधिकारियों ने भी रूस पर ATACMS का इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि की है। इस मामले पर अमेरिका और यूक्रेन सरकार ने कोई बयान नहीं दिया है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने सितंबर में अमेरिका को धमकी दी थी कि अगर अमेरिका ने लंबी दूरी के हथियारों के इस्तेमाल की मंजूरी दी तो परमाणु जंग छिड़ जाएगी। ATACMS एक सुपरसॉनिक बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम है। यह 300 किमी तक सटीक हमला कर सकता है। यूक्रेन के पास अमेरिका का आर्मी टैक्टिकल मिसाइल सिस्टम (ATACMS) हैं। दो दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने यूक्रेन को रूस के भीतर लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल की मंजूरी दी थी।

अमेरिका ने अक्टूबर 2023 में ही यूक्रेन को ATACMS मिसाइलें दी थीं, लेकिन शर्तों के मुताबिक वह इसका इस्तेमाल दुश्मनों के खिलाफ अपनी ही जमीन के भीतर कर सकता था। अमेरिका ने पहले इसे रूस पर इस्तेमाल न करने को कहा था कि क्योंकि इससे रूस-यूक्रेन युद्ध और खतरनाक होने का अंदेशा था। लेकिन अब वह पाबंदी हटा दी गई है। बाइडेन के इस फैसले के बाद यूक्रेन के पड़ोसी देश नॉर्वे, स्वीडन और फिनलैंड ने अपने नागरिकों को हमलों से बचाव के लिए तैयार रहने को कहा। नॉर्वे NATO का संस्थापक मेंबर रहा है। वहीं बाकी दोनों देश यूक्रेन जंग के बाद इससे जुड़े हैं।