1500 का उधार नहीं चुकाया तो 7 नाबालिग दोस्तों ने रची खौफनाक साजिश, पत्थर से कुचला सिर

दुर्ग। महज 1,500 रुपये के लेनदेन के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। थाना मोहन नगर क्षेत्र के शक्ति नगर स्थित पशु आहार किसान राइस मिल के कुएं में मिले 26 वर्षीय युवक यशवंत सारथी की हत्या के मामले का पुलिस ने राजफाश किया है l हत्या में शामिल सभी सात अपचारी बालकों (नाबालिगों) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 18 जून की रात करीब 8.30 बजे यशवंत सारथी का लहूलुहान शव राइस मिल परिसर के कुएं में मिलने की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि अज्ञात आरोपितों ने पहले उसके सिर पर पत्थर से हमला किया, फिर कटर से सीना, पेट और पीठ पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंक दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या में शामिल सभी सात नाबालिग आरोपितों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक ने मुख्य आरोपित से 1,500 रुपये उधार लिए थे, जिसे कई बार मांगने के बावजूद वापस नहीं किया गया। इसी बात से नाराज होकर मुख्य आरोपित ने अपने साथियों के साथ हत्या की साजिश रची।

17 जून की रात उसने यशवंत को फोन कर शक्ति नगर स्थित राइस मिल परिसर में बुलाया, जहां पहले से मौजूद अन्य साथियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पत्थर से सिर कुचलकर और कटर से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को कुएं में फेंककर सभी आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर, कटर तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।