केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी रायपुर पहुंचकर एयरपोर्ट से सीधे बीजेपी कार्यालय गईं। जहां भाजपा के नेताओं से मुलाकात करके बिलासपुर रवाना हो गई हैं। बिलासपुर के नेहरु चौक पर महतारी हुंकार रैली नाम से जनसभा का आयोजन किया गया है, जिसमें शामिल होंगी।भाजपा ने महतारी हुंकार रैली में भीड़ जुटाने के लिये पूरी ताकत झोंक रखी है।
केंद्रीय मंत्री बिलासपुर के छत्तीसगढ़ भवन जाएंगी। वहां पर 1.30 बजे जगमल चौक स्थित पटेल मैदान से महतारी हुंकार रैली का नेतृत्व करेंगी। यह रैली नेहरू चौक जाकर एक जनसभा में बदल जाएगा। स्मृति ईरानी को इस जनसभा में मुख्य वक्ता के तौर पर बुलाया गया है। रैली के बाद स्मृति ईरानी वापस रायपुर होकर दिल्ली लौट जाएंगी।
भाजपा का दावा-यह रैली राज्य सरकार के खिलाफ शंखनाद
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा है, कांग्रेस के राज में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है। उनके कुपोषण एनीमिया में भारी वृद्धि हुई है। इस मामले में कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को देश में पहले स्थान पर ला दिया है। प्रदेश की महिलाओं को उत्पीड़न से बचाने भाजपा महिला मोर्चा सरकार के खिलाफ सड़क पर शंखनाद कर रहा है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति कांग्रेस सरकार का प्रतिकार करेगी। यह महतारी हुंकार रैली कांग्रेस सरकार के सफाये का आधार बनेगी।