बस्तर ओलिंपिक समापन में शामिल हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, विजेता खिलाड़ियों को देंगे पुरस्कार

छत्तीसगढ़ : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर हैं। वे जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर ओलिंपिक के समापन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री थोड़ी देर में खिलाड़ियों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे तथा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। इससे पहले अमित शाह ने रायपुर में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के साथ अहम बैठक की। बैठक में SIR और नक्सल ऑपरेशनों की समीक्षा की गई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियानों को लेकर फीडबैक लिया गया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का यह एक महीने में तीसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। इससे पहले वे राज्योत्सव और डीजीपीआईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने प्रदेश आए थे। हर दौरे के दौरान गृहमंत्री नक्सल ऑपरेशनों और मुठभेड़ों की समीक्षा कर रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संवाद कर रहे हैं।

बस्तर ओलिंपिक के संभाग स्तरीय आयोजन में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स समेत विभिन्न खेलों में करीब 3500 युवाओं ने भाग लिया। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और कोंडागांव जिलों से खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हुए।

इसके अलावा 761 सरेंडर्ड नक्सली और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सदस्यों ने भी खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इन खिलाड़ियों की टीम का नाम ‘नुआ बाट’ रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *