शाह ने 112 के 400 वाहनों को हरी झंडी दिखाई, क्राइम, मेडिकल इमरजेंसी, आगजनी के लिए अब एक ही नंबर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) में डायल 112 के 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब क्राइम, मेडिकल इमरजेंसी, आगजनी पर एक ही नंबर पर मदद मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे। नई व्यवस्था का उद्देश्य आपात स्थितियों में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना है।

पूरे प्रदेश में अब डायल 112 की हाई-टेक सेवाएँ और अधिक व्यापक होंगी। नई प्रणाली के तहत पुलिस, मेडिकल इमरजेंसी, आगजनी, सड़क दुर्घटना, आपदा आदि सभी संकटों में एक ही नंबर से तुरंत सहायता मिलेगी। ‘एक्के नंबर सब्बो बर’ थीम के साथ यह सेवा सभी जिलों में लागू की जा रही है।
फ्लैग ऑफ किए गए 400 डायल 112 वाहन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें GPS ट्रैकिंग, हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे, कम्युनिकेशन सिस्टम और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए आवश्यक सभी उपकरण शामिल हैं। इन वाहनों के मैदान में उतरने से ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक त्वरित रिस्पॉन्स की क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी।

साय सरकार की इस नई व्यवस्था में एक उन्नत 24×7 कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया गया है। यह सेंटर स्मार्ट पुलिसिंग को मजबूत करेगा, मौके पर त्वरित पहुंच सुनिश्चित करेगा और आपात सेवाओं के समन्वय को और प्रभावी बनाएगा। इससे प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और नागरिकों में विश्वास को नई दिशा मिलेगी।