23 करोड़ साल पहले समंदर में राज करता था ये अनोखा जीव!
डायनासोर के धरती पर आने से भी पहले समंदर में एक ऐसा खौफनाक जीव रहता था, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे. चीन में वैज्ञानिकों को करोड़ों साल पुराना एक जीवाश्म मिला है, जिसने समंदर की गहराइयों के एक बड़े राज से पर्दा उठा दिया है. यह खोज मशहूर साइंस जर्नल ‘नेचर इकोलॉजी एंड इवोल्यूशन’ में छपी है. मुख्य वैज्ञानिक यूसी डेविस के रयोसुके मोटानी और पेकिंग यूनिवर्सिटी के लिपिन डियाओ हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, वैज्ञानिकों को चीन के गुइझोउ प्रांत में एक प्राचीन जीव के दो कंकाल मिले हैं. ये कंकाल लगभग पूरे सुरक्षित हैं. इस जीव का नाम ‘गेरोथैरेक्स मैरिटिमस’ (Gerrothorax Maritimus) है. यह आज से करीब 23.7 करोड़ साल पहले धरती पर रहता था, उस वक्त को ट्राइऐसिक काल (Triassic Period) कहा जाता है. इसे अब तक का पहला ऐसा उभयचर माना जा रहा है, जो जमीन या मीठे पानी में नहीं, बल्कि पूरी तरह समंदर की गहराई में रहता था.
आज दुनिया में मेंढक और सैलामेंडर जैसे 8,000 से ज्यादा उभयचर जीव हैं, लेकिन एक भी समंदर के खारे पानी में जिंदा नहीं रह सकता. वजह है उनकी पतली और नम चमड़ी. खारे पानी में जाते ही उनका शरीर सूख जाता है और वे मर जाते हैं. लेकिन यह प्राचीन जीव इस नियम से बिल्कुल अलग था. यही कारण है कि इस खोज को साइंस की दुनिया में बहुत बड़ा माना जा रहा है.
यह जीव करीब 73.7 सेंटीमीटर लंबा था और दिखने में एक बड़े सैलामेंडर जैसा लगता था. इसका शरीर चपटा और थोड़ा डरावना था. इसके पूरे शरीर पर हड्डियों का मजबूत कवच था. वैज्ञानिकों का मानना है कि यही कवच इसे समंदर के खारे पानी से बचाता था. यह समंदर की तली में छिपकर बैठा रहता था और जैसे ही कोई छोटा जीव पास से गुजरता, उसे मुंह से खींचकर खा जाता था.
वैज्ञानिकों ने इसे दो बातों से साबित किया है. पहला, ये कंकाल समंदर की गहरी चट्टानों में मिले हैं. उस समय वहां 30 किलोमीटर तक कोई बड़ा द्वीप नहीं था. दूसरा, इनकी हड्डियों में स्ट्रोंटियम नाम का तत्व मिला है. इसकी मात्रा बिल्कुल उस समय के समंदर के पानी जैसी थी. ये जीवाश्म 7 मीटर लंबे समुद्री जीव इक्थियोसॉर के पास ही मिले थे.
इस खोज से पता चलता है कि जब-जब धरती पर बड़े बदलाव आए, समंदर के जीवों ने खुद को बचाने के लिए अनोखे तरीके खोजे. वैज्ञानिकों का कहना है कि यह तो बस शुरुआत है. आने वाले समय में समंदर में दबे ऐसे कई और राज सामने आ सकते हैं जो सभी को हैरान कर देंगे.
