अनोखा गांव… जहां इंसानों से ज्यादा रहती हैं बिल्लियां, 30 सालों से नहीं जन्मा एक भी बच्चा!

भारतीय गांवों में अगर जाएंगे तो आपको सैकड़ों इंसान नजर आ जाएंगे. भारत का दिल गांवों में बसता है, इस वजह से आपको शहरों से ज्यादा रौनक, चहल-पहल गांवों में दिखेगी. मगर विदेशों में ऐसा नहीं है. इटली का एक गांव तो सुनसान हो चुका है. यहां इंसानों से ज्यादा बिल्लियां रहती हैं. हैरानी की बात तो ये भी है कि इस गांव में पिछले 30 सालों में एक भी बच्चा नहीं जन्मा था. मगर अब यहां खुशी की लहर दौड़ गई है क्योंकि इतने सालों में बाद एक लड़की का जन्म हुआ है जिससे सब बहुत खुश हैं.

इटली के एक छोटे से गांव में हाल ही में एक ऐसी खुशी मनाई गई, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया. यह गांव है पाग्लियारा देई मार्सी, जहां इंसानों से ज्यादा बिल्लियां रहती हैं. यहां पिछले 30 सालों से कोई बच्चा पैदा नहीं हुआ था, लेकिन अब एक नन्ही बच्ची के जन्म ने गांव में नई जान फूंक दी है. इस गांव में पैदा हुई बच्ची का नाम लारा बुसी त्राबुक्को है. लारा की उम्र अभी कुछ ही महीने है और वह गांव के करीब 20 निवासियों में से एक है. लारा के जन्म के बाद गांव में खुशी का माहौल है. हाल ही में उसका बपतिस्मा (ईसाई बनाने की प्रक्रिया) हुआ, जिसमें आसपास के इलाकों से ही नहीं बल्कि दूर-दूर से लोग और पर्यटक भी पहुंचे. कई लोगों ने पहली बार इस गांव का नाम सिर्फ लारा की वजह से सुना.