अमेरिका में शिकागो के ओ’हैयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को यूनाइटेड एयरलाइंस के एक विमान में रनवे पर दौड़ते समय आग लग गई। यह एयरबस A320 विमान था। यह टेकऑफ करने ही वाला था कि एक इंजन से धुआं उठता नजर आया। इसे तुरंत रोका गया और सभी 148 यात्रियों और 5 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के कारण एयरपोर्ट पर सारी फ्लाइट्स को 45 मिनट तक रोक दिया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने हादसे की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि यूनाइटेड एयरलाइंस फ्लाइट नंबर 2091 ने भारतीय समयानुसार सोमवार रात करीब 11:30 बजे शिकागो से वॉशिंगटन के लिए उड़ान भरी थी, तभी यह हादसा हुआ। एविएशन इमिग्रेशन अथॉरिटी पूरे मामले की जांच कर रही है। एयरलाइंस ने यात्रियों से माफी मांगी और उनके लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की। दूसरी फ्लाइट ने घटना के 4 घंटे बाद उड़ान भरी। इसके अलावा 25 मई को स्पिरिट एयरलाइंस की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। फ्लाइट NK270 जमैका से फ्लोरिडा जा रही थी, तभी उसकी मशीनरी में कुछ दिक्कत आ गई। इसके बाद अलर्ट जारी किया गया कि विमान को पानी में उतारा जाएगा। हालांकि, पायलट ने अपनी सूझबूझ से फ्लाइट को वापस जमैका एयरपोर्ट पर लैंड कराया।
