CG : असंसदीय संवाद और आचरण से हाउस रह गया सन्न, दुखी हुए स्पीकर.. कहा विधानसभा सड़क नहीं

छत्तीसगढ़ : मानसून सत्र के दूसरे दिन राज्य बनने के बाद 25 साल में संभवतः यह पहला मौका था, जब सदन में असंसदीय भाषा का सदस्य प्रयोग करते हुए एक दूसरे को उंगली और आंख दिखाकर तेज बहस करने लगे। कांग्रेस शासनकाल में एक बार अजय चंद्राकर और शिव डहरिया के बीच तीखी नोंक-झोंक अवश्य हुई थी। मगर उसका लेवल इतना नहीं था। बहरहाल, आज स्पीकर डॉ0 रमन सिंह आसंदी से उठे और हस्तक्षेप किया। सदन में हंगामे जैसी विषम स्थिति में स्पीकर अपनी कुर्सी से खड़े होते हैं। मगर आज पहली बार हुआ कि एक सवाल में स्पीकर को दो बार खड़ा होना पड़ा। पहली बार दोनों विधायकों को रोकने के लिए और दूसरी बार नसीहत देने के लिए।
सदन की कार्रवाई के दौरान सदस्यों के बीच असंसदीय भाषा का हुए प्रयोग को विधानसभा की कार्रवाई से विलोपित करने की घोषणा की। स्पीकर डा सिंह ने सदस्यों को रजत जयंती वर्ष में अच्छा उदाहरण पेश करने की अपील की। विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह ने घटना को लेकर कहा कि विधानसभा की अपनी मर्यादा है। बोलने का तरीका है। विधानसभा सड़क नहीं है कि आप सड़क की भाषा बोले। आप यहां भाषण देने नहीं जनता की समस्या को सदन के सामने रखने और उसके निदान के लिए आए हैं। प्रश्नकाल महत्वपूर्ण सेशन होता है। इसे बर्बाद करने के बजाय पूरे समय का सदुपयोग किया जाना चाहिए। प्रश्नकाल लाइव प्रसारण होता है। पूरा देश देखता है। इस तरह की अमर्यादित बातें और व्यवहार नहीं होनी चाहिए। इस बात का ध्यान रखें। सदस्यों को समझाइश देते हुए स्पीकर डा सिंह ने कहा कि सदस्य एक दूसरे की ओर देखकर बातें ना करें। आसंदी को देखकर अपनी बात रखें।