UP : सहारनपुर में बंद मकान में लाखों की चोरी, 15 तोले सोना, नकदी और सऊदी रियाल लेकर फरार

उत्तर प्रदेश : सहारनपुर जिले के तल्हेडी बुजुर्ग कस्बे में लाखों रुपए की चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया और लाखों की ज्वैलरी व नकदी लेकर फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। तल्हेडी बुजुर्ग निवासी तबस्सुम पत्नी सलीम ने बताया कि वह कई दिनों से बीमार थीं और इलाज के लिए अपने मायके गई हुई थीं। गुरुवार शाम जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने घर का ताला टूटा हुआ पाया। घर की तलाशी लेने पर करीब 15 तोले सोना, सवा किलो चांदी, दो लाख रुपए नकद और पांच हजार सऊदी रियाल गायब मिले। चोरी की घटना देखकर तबस्सुम ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही तल्हेडी बुजुर्ग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसते और चोरी को अंजाम देकर भागते हुए दिखाई दिए। एसपी देहात ने इस संबंध में बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। मामले में अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है।