इजरायल में भी चलेगा UPI, भारत के साथ समझौता, इकोनॉमिक फोरम की रखी गई नींव
कई देशों के बाद अब इजरायल में भी भारत का यूपीआई पेमेंट सिस्टम चलेगा। भारत इजरायल इकोनॉमिक फोरम की स्थापना भी हुई है। इसे लेकर मोदी और इजरायली पीएम नेतन्याहू के बीच द्विपक्षीय मीटिंग में समझौता हुआ है। मोदी और नेतन्याहू ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें पीएम मोदी ने कहा कि भारत जल्द इजरायल के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) करेगा। उन्होंने कहा कि इजरायल आना उनके लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘दोनों देशों के बीच कृषि सहयोग का लंबा और सफल इतिहास रहा है। आज हमने इस सहयोग को भविष्यवादी दिशा देने का संकल्प लिया है। इजरायल के सहयोग से भारत में स्थापित उत्कृष्टता के केंद्र हमारी मित्रता के उत्तम उदाहरण हैं। इनकी सफलता देखते हुए हमने इनकी संख्या 100 तक ले जाने का टारगेट रखा है…।’
पीएम ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि इजरायल में यूपीआई के इस्तेमाल के लिए समझौता किया गया है। डिजिटल हेल्थ के लिए भी हम अपने अनुभव साझा करते हुए लोगों के जीवन में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रक्षा के क्षेत्र में हमारा दशकों पुराना विश्वसनीय सहयोग रहा है। पिछले साल हुए MoU से इसमें नए आयाम जुड़ेंगे। हम मिलकर संयुक्त विकास, संयुक्त उत्पादन और प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण की दिशा में आगे बढ़ेंगे।’
भारत और इजरा
यल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौजूदगी में MoU पर हस्ताक्षर किए।
पीएम मोदी बोले, ‘आज की बैठक में हमने अपने सहयोग को नई दिशा और तेज रफ्तार देने पर चर्चा की। हमारा आर्थिक सहयोग, ग्रोथ, इनोवेशन और साझा समृद्धि का इंजन बना हुआ है। आपसी निवेश को बढ़ावा देने के लिए हमने पिछले वर्ष द्विपक्षीय निवेश समझौता अग्रीमेंट किया। हम जल्द ही पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देंगे। तकनीक हमारी भावी साझेदारी का केंद्र है। आज हमने क्रिटिकल एंड एमर्जिंग टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप स्थापित करने का फैसला लिया है। इससे AI, क्वांटम और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग को रफ्तार मिलेगी…।’
