उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति ने की दूसरी शादी, मोहसिन अख्तर ने निधा भट्ट संग तस्वीरें शेयर कर नए रिश्ते की घोषणा की
उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति मोहसिन अख्तर ने दूसरी शादी कर ली है। रविवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने निधा भट्ट से शादी की है। शादी की झलकियां शेयर करते हुए मोहसिन ने एक इमोशनल पोस्ट लिखी। उन्होंने कहा कि सच्चे इरादों, ईमानदार प्यार और धैर्य के साथ उन्हें जीवन में फिर से प्रेम मिला है। उन्होंने अपनी पत्नी निधा भट्ट का आभार जताते हुए लिखा कि उन्होंने उनके जीवन में रोशनी लाई है। मोहसिन ने अपनी पोस्ट में दिवंगत प्रियजनों को भी याद किया और कहा कि उनकी दुआओं और आशीर्वाद की वजह से उन्हें जीवन में यह नया साथ मिला है। उन्होंने दोनों के लिए दुआ करने की अपील भी की।
मोहसिन अख्तर की पहली शादी एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर से हुई थी। दोनों ने 4 फरवरी 2016 को एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। उस समय उनकी शादी इंटररिलिजियस मैरिज और दोनों के बीच 10 साल के एज डिफरेंस की वजह से खबरों में थी।
साल 2024 में दोनों के रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आई थीं। सितंबर 2024 में कहा गया था कि उर्मिला ने मुंबई की एक अदालत में तलाक की अर्जी दायर की थी। कश्मीरी बिजनेसमैन और मॉडल मोहसिन की पहली मुलाकात उर्मिला से 2014 में फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की भतीजी की शादी में हुई थी।
