अमेरिका ने ईरान में हथियार डिपो पर एयरस्ट्राइक की, इस्फहान पर 2000 पाउंड के बंकर-बस्टर बमों से अटैक

अमेरिका ने ईरान के इस्फहान शहर में एक बड़े हथियार डिपो पर एयरस्ट्राइक की है। वॉल स्ट्रीट जर्नल रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला सोमवार रात को किया गया। इसके लिए 2000 पाउंड के बंकर-बस्टर बमों का इस्तेमाल हुआ। रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि इस डिपो में बड़ी मात्रा में हथियार और सैन्य सामग्री रखी गई थी, जिसे निशाना बनाया गया। बंकर-बस्टर बमों का इस्तेमाल मजबूत और भूमिगत ठिकानों को तबाह करने के लिए किया जाता है। हमले के बाद डिपो में रखे हथियारों में विस्फोट होने से कई धमाके हुए और इलाके में आग के बड़े गुबार उठे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी सोशल मीडिया पर धमाकों का एक वीडियो शेयर किया है।

दक्षिणी लेबनान में इजराइल के हवाई हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, आधी रात के बाद हुए इन हमलों में अब्बा कस्बे समेत कई इलाकों को निशाना बनाया गया।

हमले में एक घर को सीधे निशाना बनाया गया, जिससे एक व्यक्ति की जान चली गई। इसके अलावा नबतिया और आसपास के क्षेत्रों में भी बमबारी से घरों को नुकसान पहुंचा है।