अमेरिका ने ईरान पर हवाई हमले किए, हेलिकॉप्टर गिराने के बदले में अटैक
अमेरिका और ईरान के बीच बुधवार को भी संघर्ष जारी है। अमेरिकी सेना ने कहा कि वायुसेना और नौसेना के लड़ाकू विमानों ने होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, कंट्रोल स्टेशन और निगरानी रडार ठिकानों को निशाना बनाया। इसके जवाब में ईरान ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े पर ड्रोन हमले किए हैं। बहरीन सरकार ने भी चेतावनी सायरन बजने की पुष्टि की। ईरान ने यह भी कहा कि उसने जॉर्डन समेत क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर 21 हमले किए हैं, लेकिन अमेरिका ने इस दावे को खारिज कर दिया।
इससे पहले सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी सेना का अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। एक दिन बाद ट्रम्प ने इसका आरोप ईरान पर लगाया था। हालांकि ईरान ने अमेरिकी हेलिकॉप्टर गिराने की जिम्मेदारी नहीं ली है।
IRGC ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने दोबारा हमला किया, तो क्षेत्र में तय किए गए लक्ष्यों पर और ज्यादा व्यापक और कड़े हमले किए जाएंगे। सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA के मुताबिक, बयान में कहा गया कि ईरानी सेना ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी बेस पर हमले किए है। IRGC ने कहा ‘यह हमले दक्षिणी ईरान में अमेरिकी हेलीकॉप्टर दुर्घटना को झूठा बहाना बनाकर की गई अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में है।’
