ईरान युद्ध की अमेरिका को चुकानी पड़ रही भारी कीमत, 6 दिन में 11.3 अरब डॉलर स्वाहा, रिपोर्ट में खुलासा

ईरान के साथ जंग अमेरिका को काफी भारी पड़ रही है। ईरान पर हमले के बाद छिड़ी जंग के पहले छह दिनों में अमेरिका को कम से कम 11.3 अरब डॉलर (1.04 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है। ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी कांग्रेस की एक ब्रीफिंग में सांसदों को यह जानकारी दी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को बंद कमरे में बैठक के दौरान सीनेटरों के सामने यह आंकड़ा रखा गया। हालांकि, इसमें जंग का पूरा खर्च अभी शामिल नहीं है।

अगर युद्ध लंबा चलता है तो यह आंकड़ा कई गुना बढ़ सकता है, क्योंकि कांग्रेस के कई सदस्यों को उम्मीद है कि ट्रंप प्रशासन जंग के लिए कांग्रेस से और फंडिंग का अनुरोध कर सकता है। कुछ का मानना है कि यह अनुरोध 50 अरब डॉलर का हो सकता है, जबकि दूसरों यह अंदाजा कम लगाया है।
ट्रंप प्रशासन ने अभी तक लड़ाई के खर्च का कोई सार्वजनिक आकलन नहीं दिया है। इसके साथ ही लड़ाई कब खत्म होगी, इस बारे में भी कोई साफ आइडिया नहीं दिया है। ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि अमेरिका ने ईरान की जंग जीत ली है, लेकिन काम पूरा करने के लिए लड़ाई में बना रहेगा। ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने सांसदों को बताया कि पहले दो दिनों में 5.6 अरब डॉलर के हथियारों का इस्तेमाल किया गया था।

अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ एक साथ हमला बोल दिया था, जिसके बाद भीषण जंग शुरू हो गई है। इसने ओमान से लेकर लेबनान तक पूरे मिडिल ईस्ट को अपनी चपेट में ले लिया है।
अब तक इसमें 2000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं, जिसमें ज्यादातर ईरान और लेबनान के लोग हैं।

ईरान ने जंग के बाद एनर्जी सप्लाई के लिए दुनिया के प्रमुख चोकपॉइंट होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है, जिससे ग्लोबल एनर्जी बाजार और ट्रांसपोर्ट में अफरा-तफरी मच गई है।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में जंग जीतने का दावा किया है। बुधवार को उन्होंने कहा कि शुरुआती कुछ घंटों में ही फैसला हो गया था। हालांकि, उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना काम पूरा करने के लिए अभी रुकेगी। केंटुकी में एक रैली के दौरान ट्रंप ने समर्थकों से कहा कि ‘आप कभी भी बहुत जल्दी यह नहीं कहना चाहते कि आप जीत गए। हम जीत गए। पहले घंटे ही सब खत्म हो गया।’