अमेरिका का ईरान के बुशहर परमाणु प्लांट पर मिसाइल अटैक
ईरान में अमेरिकी पायलट के लापता होने के बाद अब अमेरिका ने हमले तेज कर दिए हैं. इसी क्रम में ईरान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास एक जोरदार धमाका हुआ. सुबह करीब 8:30 बजे गिरे इस रॉकेट की जद में आकर वहां तैनात एक सुरक्षा गार्ड की जान चली गई. राहत की बात यह रही कि परमाणु संयंत्र की मुख्य इमारतों और सुविधाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. ईरानी सरकारी मीडिया ‘इरना’ (IRNA) के मुताबिक,यह हमला अमेरिका और इजरायल की साझा ‘साजिश’ का हिस्सा था. ईरान के औद्योगिक ढांचे को भी चोट पहुंचाने की कोशिश की गई है. ईरान की मेहर न्यूज़ एजेंसी ने जानकारी दी है कि दक्षिणी खुज़ेस्तान प्रांत में स्थित ‘बंदर इमाम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स’ पर भी हवाई हमला हुआ है. इस हमले में कॉम्प्लेक्स को काफी नुकसान पहुंचा है.
ईरान पर हुए इन हमलों के जवाब में लेबनान के हथियारबंद संगठन हिजबुल्लाह ने मोर्चा खोल दिया है. हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने उत्तरी इजरायल के किरिअत शमोना शहर को निशाना बनाते हुए रॉकेटों की बौछार कर दी है. संगठन का कहना है कि यह हमला सीधे तौर पर इजरायली सैन्य ठिकानों को दहलाने के लिए किया गया था. हिजबुल्लाह यहीं नहीं रुका, बल्कि उसने मारून अल-रास सीमा पर इजरायली सेना की ओर से घायलों को निकालने के लिए बनाए गए एक अस्थाई हेलीपैड को भी निशाना बनाया. लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी (NNA) के मुताबिक, दक्षिण लेबनान के ऐतिहासिक शहर टायर में मछुआरों के बंदरगाह पर इजरायल ने हवाई हमला किया.इसमें एक शख्स की मौत हो गई. इजरायली सेना अब सीमावर्ती गांवों जैसे आयता अल-शाब और राम्या में हमले कर रही है. लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाके की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं.
