Uttar Pradesh: CM योगी आदित्यनाथ ने सावन के पहले दिन गोरखनाथ मंदिर में की पूजा, भगवान शिव का किया रुद्राभिषेक

राष्ट्रीय

पवित्र सावन का महीना आज से शुरू हो गया है। सावन के पहले दिन भक्तों की भीड़ मंदिरों में उमड़ पड़ी हैं। बता दें बड़ी संख्या में लोग भगवान शिव के दर्शन करने के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। तो वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी सावन के पहले दिन गोरखपुर में विशेष पूजा अर्चना की। सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में भगवान शिव की अराधना की इसके बाद उन्होंने यहां हवन भी किया।

आपको बता दें योगी आदित्यनाथ ने सावन के पहले दिन गोरखनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। जिसकी तस्वीरें भी सामने आईं हैं, इसमें सीएम योगी भगवान शिव की आराधना करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सावन महीना भगवान शिव को समर्पित होता है। शिवभक्तों के लिए ये महीना बेहद खास होता है। इस महीने में भगवान शिव की विशेष अराधना होती है। सावन के पहले ही दिन मंगला गौरी व्रत पड़ रहा है।

सीएम योगी ने ट्वीट किया, ‘सभी प्रदेश वासियों और श्रद्धालुओं को देवाधिदेव महादेव के पावन ‘श्रावण मास’ के शुभारंभ की अनंत शुभकामनाएं. बाबा भोलेनाथ सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें, यही प्रार्थना है.’

इसके आगे उन्होंने लिखा, भगवान भोलेनाथ की आराधना-उपासना को समर्पित, पावन मास श्रावण आज से प्रारंभ हो रहा है। अटूट श्रद्धा और समर्पण की प्रतीक, कांवड़-यात्रा के पुण्यभागी, सभी भक्तों का स्वागत-अभिनंदन है।लोक-मंगल के ध्येय से परिपूर्ण इस यात्रा के प्रति मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

बता दें कि इस बार सावन दो महीने का है। इस बार सावन 4 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा। सावन में ही कांवड़ यात्रा भी होती है, सावन महीने की शुरुआत के साथ ही कांवड़ यात्रा भी शुरू हो गई है।