वैभव बोले- 50 ओवर मैच बहुत खेल चुका हूं, लोगों को शायद मालूम नहीं है
वैभव सूर्यवंशी ने ट्राई सीरीज के फाइनल में 29 गेंद पर 94 रन बनाने के बाद कहा कि पहले 10 ओवर में ज्यादा रन बनाना उनका टारगेट था। वनडे में अपने अनुभव पर वैभव बोले कि इस सीरीज में उन्होंने बहुत कुछ सीखा। वे बोले- मैंने 50 ओवर के बहुत मैच खेले हैं। लोगों को शायद इसके बारे में पता नहीं है। वैभव से जब पूछ गया कि मैच से पहले क्या उनपर कोई दबाव था। इसपर वैभव ने कहा- कोई दबाव नहीं था, लेकिन मैं बस प्लान के हिसाब से बैटिंग करना चाहता था। इसके लिए मैंने कोच से बात की और प्रैक्टिस भी की थी। वैभव ने कहा कि सीरीज में अलग सिचुएशन, अलग पिच पर खेलकर बहुत मजा आया।
वैभव की पारी पर कई दिग्गजों ने प्रतिक्रिया दी है। शिखर धवन ने कहा-
‘हुनर उम्र का मोहताज नहीं होता, और वैभव लगातार इसे साबित कर रहे हैं। सिर्फ 29 गेंद में 94 रनों की पारी और लिस्ट-ए का सबसे तेज अर्धशतक। निडर, रोमांचक और इंटेंट से भरी बल्लेबाजी। ऐसे ही चमकते रहो, चैंपियन’
कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने कहा कि,
‘एहसास हुआ कि वैभव 50 ओवर के क्रिकेट में और ज्यादा तबाही मचा सकते हैं। शुरुआत के 10 ओवरों तक 30 गज के बाहर सिर्फ 2 फील्डर होते हैं, ना कि 6 ओवर’
