वैभव सूर्यवंशी को मिला टीम इंडिया में मौका, कंगना रनौत हुईं खुश, बोलीं- वर्ल्ड कप जीतकर लाएं
बॉलीवुड की ‘क्वीन’ यानी कंगना रनौत एक बार फिर सुर्खियों में हैं. पूरे डेढ़ साल के लंबे इंतजार के बाद कंगना बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने जा रही हैं. उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ आगामी 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. इसी बीच एक्ट्रेस ने हाल ही में भारतीय T20I टीम में चुने गए युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पर रिएक्शन दिया है.
दरअसल एक इंटरव्यू के दौरान जब कंगना से हाल ही में भारतीय T20I टीम में चुने गए युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने न सिर्फ वैभव की जमकर तारीफ की, बल्कि उन्हें लेकर अपनी खास इच्छा भी जाहिर कर दी.
BJP सांसद और फिल्म एक्ट्रेस कंगना रनौत ने इस युवा खिलाड़ी की कामयाबी पर बेहद खुशी जताई. उन्होंने वैभव को भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सच में यही चाहते हैं कि वह आने वाले समय में देश के लिए सचिन तेंदुलकर या विराट कोहली से भी बड़े खिलाड़ी बनकर उभरें. कंगना का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
बातचीत के दौरान कंगना ने हल्के-फुल्के अंदाज में वैभव पर एक मजेदार डिमांड भी रख दी. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘मेरा मतलब है, उन पर कोई दबाव नहीं डालना है, लेकिन वो देश के लिए वर्ल्ड कप या कुछ ऐसा बड़ा खिताब जीत कर लाएं.’ कंगना ने आगे वैभव की तारीफ करते हुए यह भी जोड़ दिया कि आप दिखने में भी काफी अच्छे लग रहे हैं.
कंगना रनौत इन दिनों दोहरी भूमिकाएं निभा रही हैं. मंडी से बीजेपी सांसद बनने के बाद वह राजनीतिक गलियारों में तो एक्टिव हैं ही, साथ ही अपनी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं.
