‘वो क्रिकेट के भगवान हैं…’, सचिन के ट्वीट पर वैभव सूर्यवंशी का दिल छू लेने वाला रिएक्शन
IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान कर रहे वैभव सूर्यवंशी के लिए बुधवार (27 मई) की रात सिर्फ एक शानदार पारी की कहानी नहीं थी. यह वो रात थी, जब ‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर ने उनकी बल्लेबाजी को देखकर सार्वजनिक तौर पर तारीफ की. जब वैभव को इस बारे में पता चला, तो 15 साल का यह युवा बल्लेबाज अपनी खुशी छिपा नहीं पाया.
मुल्लांपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते हुए वैभव ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रन ठोक दिए, जिसमें 5 चौके और 12 लंबे छक्के शामिल थे. यह पारी इतनी खतरनाक थी कि कुछ ही ओवरों में मैच पूरी तरह राजस्थान के पक्ष में चला गया.
इस सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा उस ट्वीट की हुई, जो सचिन तेंदुलकर ने वैभव के लिए किया. सचिन ने वैभव की तकनीक की तारीफ करते हुए कहा कि उनका बैट स्विंग और फ्रंट फुट क्लियर करके लेग स्टंप की गेंदों पर जगह बनाना बेहद खास है. सचिन के मुताबिक, यही चीज वैभव को अपने नैचुरल अटैकिंग गेम खेलने में मदद करती है.
Vaibhav Sooryavanshi’s bat swing has been outstanding. What’s even more remarkable is how beautifully he clears his front foot to create room for balls aimed at his legs. This freedom allows him to play the way he does.
That innings was nothing short of spectacular!
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) May 27, 2026
अब वैभव सूर्यवंशी ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. ध्रुव जुरेल के साथ इंटरव्यू में वैभव ने बताया कि उन्हें पहले सचिन के ट्वीट के बारे में पता ही नहीं था. वैभव ने कहा कि जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली, वह बेहद खुश और भावुक हो गए.
वैभव कहते हैं, ‘बहुत अच्छा लगता है सर… मोटिवेशन मिलता है. आपने अभी बताया, मुझे तो पता भी नहीं था. और सब जानते हैं कि वो क्रिकेट के भगवान हैं. अगर उन्होंने हमारे लिए कुछ ट्वीट किया है, तो ये हमारे लिए बहुत बड़ी बात है. किसी लेजेंड का हमारे लिए ट्वीट करना गर्व का पल है.’
One brought the fireworks 🎇
The other ensured they didn’t stop 🤝🎥 Vaibhav Sooryavanshi & Dhruv Jurel on an 𝗲𝘃𝗲𝗻𝗶𝗻𝗴 𝘁𝗼 𝗿𝗲𝗺𝗲𝗺𝗯𝗲𝗿 in pink 🩷 🌟 – By @Moulinparikh and @ameyatilak #TATAIPL | #Eliminator | #TheFinalLeap | #SRHvRR | @rajasthanroyals…
— IndianPremierLeague (@IPL) May 28, 2026
एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव शुरुआत से ही अलग मूड में नजर आए. उन्होंने एसआरएच के गेंदबाजों पर पहले ही ओवर से हमला बोल दिया. सिर्फ 16 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर उन्होंने सुरेश रैना के आईपीएल नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज फिफ्टी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. इस दौरान उन्होंने पैट कमिंस जैसे विश्वस्तरीय तेज गेंदबाज को भी नहीं छोड़ा.
इतना ही नहीं, वैभव आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक भी लगाने वाले बल्लेबाज बन जाते. वह 28 गेंदों पर 97 रन बनाकर खेल रहे थे और पूरा स्टेडियम इतिहास बनने का इंतजार कर रहा था. लेकिन तभी प्रफुल्ल हिंगे की गेंद पर वह आउट हो गए और रिकॉर्ड सिर्फ 3 रन दूर रह गया. हालांकि आउट होने के बाद वैभव काफी निराश नजर आए, लेकिन उनकी पारी ने क्रिकेट जगत को उनका दीवाना बना दिया. खुद क्रिस गेल ने उन्हें ‘नई सिक्स मशीन’ कहा, जबकि भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की.
मैच के बाद वैभव ने कहा कि उनका आत्मविश्वास हमेशा ऊंचा रहता है और वह टीम की जरूरत के हिसाब से खेलने की कोशिश करते हैं. उन्होंने कहा, ‘अगर टीम को लंबी पारी चाहिए तो मैं वो भी खेल सकता हूं. अगर टीम को बड़े शॉट्स चाहिए तो वो भी कर सकता हूं. मेरा फोकस सिर्फ टीम के लिए योगदान देने पर रहता है.’
वैभव ने यह भी स्वीकार किया कि एक साल पहले तक उन्होंने नहीं सोचा था कि वह इतनी जल्दी आईपीएल में इस स्तर पर खेलेंगे. उन्होंने कहा, ‘एक साल पहले मुझे नहीं पता था कि मैं इतनी जल्दी आईपीएल खेलूंगा. रिकॉर्ड टूटना अच्छा लगता है, लेकिन मेरा ध्यान सिर्फ टीम के लिए बेहतर करने पर है.’ इस पारी के दौरान वैभव ने क्रिस गेल का आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. अब उनके नाम इस सीजन में 65 छक्के हो चुके हैं.
