शाह और नड्डा के काफिले में गाड़ियां आधी हुईं, दिल्ली में मंत्री ई-रिक्शा से चले, पीएम की अपील का असर

गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या आधी कर दी है। उन्होंने यह फैसला पीएम मोदी की उस अपील के बाद लिया है, जिसमें उन्होंने बढ़ती ईंधन कीमतों को देखते हुए पेट्रोल-डीजल बचत की अपील की थी। इससे पहले पीएम मोदी ने भी हाल ही में गुजरात और असम दौरे पर अपने काफिले को छोटा रखा था और केवल उन्हीं गाड़ियों को शामिल किया, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद ज़रूरी थीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी संभव हो, काफिले में इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल की जाएं। वहीं, दिल्ली में मंत्री आशीष सूद कार्यक्रम में जाने के लिए पहले मेट्रो और फिर ई-रिक्शा में बैठे। मध्य प्रदेश में जस्टिस डीडी बंसल साइकिल चलाकर हाई कोर्ट पहुंचे। वहीं, सीएम मोहन यादव ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या घटा दी है।

उधर, उत्तर प्रदेश में सांसद-विधायकों को एक दिन बस-मेट्रो से चलने का आदेश दिया गया है। राज्य में जितने भी बड़े कॉर्पोरेट ऑफिस हैं, वहां हफ्ते में 2 दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ होगा। इसके अलावा महाराष्ट्र में मंत्री आशीष शेलार ने विदेश यात्रा टालने का ऐलान किया। उन्होंने सोमवार को कहा कि वे इस साल फ्रांस में हो रहे कान्स फिल्म फेस्टिवल में शामिल नहीं होंगे। मध्य प्रदेश में अब मंत्रियों और वीआईपी काफिलों में गाड़ियों की संख्या सीमित की जाएगी। साथ ही सरकारी दौरों और भ्रमण के दौरान रैलियों पर भी रोक रहेगी।

मुख्यमंत्री मोहन यादव को Z+ कैटेगरी की सिक्योरिटी मिली है। इस वजह से उनके काफिले में अब तक कुल 13 वाहन शामिल रहते थे। नए आदेश के बाद भोपाल में स्थानीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के काफिले में अब सिर्फ 8 वाहन शामिल होंगे।

देश में ऊर्जा संकट को लेकर पीएम मोदी की अपील के बाद यूपी में योगी सरकार ने मंगलवार को 7 बड़े फैसले लिए। मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और अफसरों का काफिला 50% घटेगा। हफ्ते में एक दिन इन्हें पब्लिक ट्रांसपोर्ट या बस-मेट्रो से चलना होगा।

सभी सरकारी बैठकें, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस, वर्कशॉप वर्चुअल होंगी। राज्य सचिवालय की भी 50% बैठकें वर्चुअल होंगी। सीएम ने कहा, जिन कंपनियों में बड़ी संख्या में कर्मचारी हैं, उन्हें हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम के लिए राज्य स्तर पर एडवाइजरी जारी की जाए।