राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों का एक्सीडेंट, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आपस में टक्कर-कई घायल
उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां हादसे का शिकार हो गईं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर 91 किलोमीटर माइलस्टोन के पास काफिले की पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं. हादसे में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और सुरक्षा से जुड़े कई लोगों के घायल होने की खबर है. राहुल गांधी सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
राहुल गांधी सोमवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं. वह सुल्तानपुर जा रहे थे, जहां उनकी कोर्ट में पेशी है. सुबह ही वह दिल्ली से लखनऊ पहुंचे. लखनऊ से सुल्तानपुर जाते वक्त पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले में यह हादसा हुआ. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. अभी तक किसी भी जनहानि की खबर नहीं है. जानकारी के मुताबिक, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 91 किलोमीटर माइलस्टोन के पास राहुल गांधी के काफिले में शामिल पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं. हादसे की वजह क्या थी? यह अभी स्पष्ट नहीं है.
