VIDEO: देसी ढाबे पर हाईटेक अंदाज! मुरथल में रोबोट बना वेटर, परोस रहा खान
हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित मुरथल के मशहूर ढाबों की पहचान अब सिर्फ देसी स्वाद तक सीमित नहीं रही. यहां के रेशम ढाबे ने अपने ग्राहकों को टेक्नोलॉजी का भी तड़का लगा दिया है. अब टेबल तक खाना पहुंचाने का काम इंसान नहीं, बल्कि एक रोबोट कर रहा है.
रेशम ढाबे में ऑर्डर तैयार होते ही फूड ट्रे रोबोट पर रखी जाती है. इसके बाद रोबोट अपने बिल्ट-इन नेविगेशन सिस्टम की मदद से तय रास्ते पर खुद-ब-खुद चलता हुआ सीधे ग्राहक की टेबल तक पहुंच जाता है. इसे सॉफ्टवेयर चिप और रिमोट कंट्रोल के जरिए ऑपरेट किया जाता है.
रोबोट की आंखों में लगी चमकती लाल एलईडी लाइट और फाइबर से बना बाहरी ढांचा इसे एक खास और आकर्षक लुक देते हैं. एक बार फुल चार्ज होने पर यह रोबोट करीब डेढ़ से दो घंटे तक लगातार सर्विस दे सकता है.
रोबोट को खाना सर्व करते देख ढाबे पर पहुंचे ग्राहक हैरान रह जाते हैं. कई ग्राहक मोबाइल निकालकर उसका वीडियो बनाते और सेल्फी लेते नजर आते हैं. खास बात यह है कि रोबोट से सर्विस लेने के लिए ग्राहकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जा रहा. ग्राहक अभिषेक ने बताया कि ढाबे पर रोबोट को खाना परोसते देखना उनके लिए एक नया और रोमांचक अनुभव था.
Waiter’s Job Gone! At Resham Dhaba in Murthal Sonipat, customers are being served by a robot waiter instead of a human. The robot is delivering food directly to customers’ tables, leaving many visitors amazed.
More Details: https://t.co/zpoJ4Q5isE#Murthal @robot pic.twitter.com/6tLohvY0mO— Vinod Katwal (@Katwal_Vinod) August 17, 2026
ढाबे के मैनेजर संजय के अनुसार इस रोबोट को बेंगलुरु की एक टीम से विशेष रूप से तैयार करवाया गया है. इसके पीछे मकसद यह था कि मुरथल आने वाले लोगों को स्वादिष्ट खाने के साथ-साथ आधुनिक टेक्नोलॉजी का अनुभव भी दिया जाए. रोबोट को नियंत्रित करने के लिए ढाबे में अलग से एक टीम तैनात की गई है, जो जरूरत पड़ने पर इसे रिमोट के जरिए ऑपरेट करती है.
मुरथल के ढाबे लंबे समय से अपने पराठों और देसी खाने के लिए मशहूर रहे हैं. अब रोबोट वेटर के आने से यहां खाने का स्वाद तो पहले जैसा ही है, लेकिन उसे परोसने का तरीका पूरी तरह बदल गया है, जो इसे यूपी-हरियाणा हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों के बीच चर्चा का नया विषय बना रहा है.
