विजय शर्मा बोले-बिलासपुर पुलिस के फॉर्मेशन में किया जाएगा बदलाव, पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली हो सकती है लागू
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि बिलासपुर पुलिस के पूरे ढांचे (फॉर्मेशन) में बड़ा बदलाव किया जाएगा, जिससे पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। रायपुर में लागू पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के अच्छे परिणाम मिले हैं। ऐसे में आने वाले समय में बिलासपुर समेत अन्य संभागों में भी पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू किया जा सकता है। विजय शर्मा रविवार को बिलासपुर में सराफा एसोसिएशन के महासम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने सराफा व्यापारियों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। वहीं, उनके इस बयान के बाद माना जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग ने बिलासपुर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिलासपुर की पुलिसिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सबसे बड़ा बदलाव यह होगा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों के लिए पुलिस को कलेक्टर या एसडीएम के आदेश का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
लाठीचार्ज, धारा 163 (पूर्व में धारा 144) लागू करने और अपराधियों को जिलाबदर करने जैसे अधिकार पुलिस कमिश्नर के पास होंगे, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगी। इसके अलावा ग्रामीण और शहरी पुलिसिंग को अलग-अलग किया जाएगा। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बीएनएस की धारा 317 के तहत चोरी का सामान मिलने पर कार्रवाई का नियम है। इस मामले में एसोसिएशन ने कार्रवाई की प्रक्रिया आसान और स्पष्ट करने की मांग की है। इस पर सरकार स्तर पर चर्चा कर आगे फैसला लिया जाएगा।
प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सभी आपराधिक घटनाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। अपराध हो रहे हैं, लेकिन पुलिस आरोपियों को भी तेजी से पकड़ रही है। विपक्ष कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, जबकि हर मामले में तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
बिलासपुर में मंगला और मोपका में थाने की घोषणा के बाद भी उसे अमल में न लाने के सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में कई नए थाने शुरू किए गए हैं। बिलासपुर भी जरूरी है। आने वाले समय में पुलिस के सभी ढांचे में बड़े बदलाव कर पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पहले रायपुर के साथ ही दुर्ग और बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की चर्चा हुई थी, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे सिर्फ रायपुर में लागू किया गया है, जिसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। आने वाले समय में बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नरी प्रणाली पर काम हो सकता है।
