अफ्रीकी देश गिनी में फुटबॉल मैच के दौरान हिंसा, 100 की मौत…

अंतरराष्ट्रीय

अफ्रीकी देश गिनी के एन’ज़ेरेकॉरे में एक फुटबॉल मैच के दौरान हिंसा भड़क उठी। जिसमें 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब रेफरी के एक विवादास्पद फैसले के बाद दर्शकों में गुस्सा फैल गया, जिससे मैदान पर भारी झड़पें शुरू हो गईं। मैच के दौरान एक फैसले को लेकर दर्शकों में असंतोष फैल गया। गुस्साए प्रशंसकों के बीच झड़पें होने लगीं, जिसने भयंकर रूप ले लिया। झड़प और भगदड़ मचने से कई लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय डॉक्टरों ने पुष्टि की कि “दर्जनों लोग मारे गए।” एक अन्य डॉक्टर ने बताया कि मृतकों की संख्या 100 से अधिक हो चुकी है। अस्पताल के मुर्दाघर मृतकों के शवों से भर गए हैं।

भगदड़ और अराजकता के बीच प्रदर्शनकारियों को सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाते हुए देखा गया। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए दीवारों पर चढ़ते और बाहर कूदते हुए नजर आए। घटना की जांच और मृतकों के परिवारों के लिए सहायता की मांग की जा रही है।

यह मैच गिनी सेना के आर्मी जनरल मामाडी डौम्बौया के सम्मान में हो रहा था। ​​​​​डोम्बौया ने साल 2021 में गिनी में तख्तापलट करके सत्ता पर कब्जा कर लिया था। डोम्बौया ने सितंबर 2021 में राष्ट्रपति अल्फा कोंडे की सरकार को गिरा दिया था और खुद सत्ता पर काबिज हो गए थे। अंतरराष्ट्रीय दबाव के कारण उन्होंने कहा था कि 2024 के अंत तक वे चुनाव कराएंगे, लेकिन अब तक चुनाव के आसार नहीं दिख रहे हैं।