फ्रांस में 17 साल के लड़के की पुलिस के हाथों मौत होने के बाद शुरू हुई हिंसा लगातार जारी है। फ्रांस की मीडिया के मुताबिक, पुलिस ने रविवार को 49 लोगों को गिरफ्तार किया। इससे पहले रविवार को 719 और शुक्रवार को 1,300 लोग गिरफ्तार किए गए थे। फ्रांस में अब तक 3 हजार से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
पेरिस पुलिस चीफ ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि दंगे खत्म हो गए हैं। नुकसान कम हुआ है, लेकिन हम आगे भी पूरी सावधानी रखेंगे।
पुलिस की गोली से मारे गए नाहेल की दादी ने रविवार को लोगों से दंगा न करने की अपील की। उन्होंने कहा- दंगे बंद करो, चीजों को नष्ट करना बंद करो। खिड़कियों को मत तोड़ो, स्कूलों पर हमले मत करो। हम चाहते हैं कि चीजें ठीक हो जाएं। उनकी अपील के बाद हिंसा में कमी देखी गई।
27 जून की घटना के बाद भड़की हिंसा
27 जून को फ्रांस की राजधानी पेरिस के सब-अर्बन एरिया नेन्तेरे में दो पुलिस अफसरों ने एक कार को रोका। बहस के दौरान पुलिस अफसर ने गाड़ी चला रहे 17 साल के नाहेल के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से नाहेल की मौैत हो गई थी। इसके बाद देश में हिंसा भड़क गई जो अब तक जारी है।
नेताओं से मुलाकात करेंगे फ्रांस के राष्ट्रपति
फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों आज दोनों सदनों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। मैक्रों मंगलवार को 220 टाउन और शहरों के मेयर्स से भी मिलेंगे।