CG : बिलासपुर बस स्टैंड में खूनी संघर्ष, दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और चाकूबाजी

बिलासपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड स्थित सिटी सेंटर में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब दो गुटों के बीच अचानक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते जमकर मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों गुटों के बीच खुलेआम हिंसक झड़प देखी जा सकती है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया तेज कर दी है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।