विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन पहुंचे, पत्नी अनुष्का भी साथ

विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अगले दिन मथुरा के वृंदावन पहुंचे। आज मंगलवार सुबह उन्होंने केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। पत्नी अनुष्का शर्मा भी साथ रहीं। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन का रुख किया। आज मंगलवार की सुबह दोनों इनोवा कार से श्री राधाकेलीकुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। यह उनकी तीसरी मुलाकात थी, इससे पहले वे 4 जनवरी 2023 और 10 जनवरी 2025 को संत प्रेमानंद से मिलने आ चुके हैं।

विराट और अनुष्का वृंदावन के रेडिसन होटल में ठहरे। मंगलवार तड़के आश्रम पहुंचने के बाद उन्होंने प्रेमानंद महाराज के साथ समय बिताया और उनके जाने के बाद भी करीब आधा घंटा आश्रम में रुककर वहां के कामों का जायजा लिया।