‘नीम करोली बाबा’ के भक्त हैं वीरेंद्र सहवाग, हनुमान अंश देखकर हुए हैरान, बोले- सीता राम
नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार कर दिया है. 27 दिनों में फिल्म का कलेक्शन 60 करोड़ के पार जा चुका है. 2 करोड़ में बनी फिल्म को पहले फ्लॉप कहा जा रहा था. फिर अचानक ऐसा चमत्कार हुआ कि फिल्म ने बजट से ज्यादा कमाई कर डाली. हनुमान अंश देखने वाले इसके मुरीद हो गए हैं. पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी फिल्म को लेकर अपनी राय रखी है. आइए जानते हैं कि वीरेंद्र सहवाग ने क्या कहा.
वीरेंद्र सहवाग ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर लिखा- सीता राम… कुछ लोग, कुछ अनुभव ऐसे होते हैं, जिनके बारे में आपके पास बताने के लिए शब्द नहीं होते. उनके बारे में आप जितना भी बताओ जस्टिस नहीं कर सकते. मेरे कुछ पुराने करीबी लोग नीम करोली बाबा महाराज जी के बहुत बड़े भक्त हैं. करीब 10 साल पहले मेरे एक दोस्त ने मुझे महाराज जी के बारे में और उनकी लीलाओं के बारे में बताया था. तब से मैं उनके बारे में पढ़ता और सुनता आ रहा हूं. और महाराज जी के लिए एक गजब आकर्षण रहा है महाराज जी के प्रति.
वीरेंद्र सहवाग ने आगे कहा कि महाराज जी का व्यक्तित्व, उनकी करूणा, उनकी कृपा और उन्होंने अपने भक्तों के जीवन में जो ट्रांसफॉर्मेशन लाया है. वो दर्शाता है कि महाराज जी क्या थे. बिना बताए, बिना जताए, व्यक्ति को उसके सच्चेपन से मिला देते थे. सबसे बड़ी बात ये है कि महाराज की कृपा और उनकी लीलाएं उनके शरीर छोड़ने के 53 साल बाद आज भी उनके भक्तों के जीवन में दिखाई देती हैं.
बाबा नीम करौली के जीवन पर बनी फिल्म हनुमान अंश की वीरेंद्र सहवाग ने की तारीफ pic.twitter.com/MtybARLKnD
— MEHR MEENA🐦 (@mehrRj11) September 3, 2026
‘मैंने अभी कुछ दिन पहले महाराज जी के जीवन पर आधारित फिल्म हनुमान अंश देखी. महाराज जी को एक फिल्म द्वारा बता पाना संभव नहीं है. बहुत खूबसूरती से बनाई गई है. बहुत अच्छी लिखी है और मुझे लगता है कि ये फिल्म महाराज जी को दिया गया एक बहुत सुंदर ट्रिब्यूट है. एक दृश्य ने मुझे खास तौर पर छुआ. महाराज जी के गले में सांप हैं और एक भक्त कहता है कि आप तो शिव हैं बिल्कुल भोले. महाराज जी कहते हैं कि भोले तो तुम हो. आंखें वही देखती हैं, जो मन में होता है. और मन वही दिखाता है, जो हृदय में होता है. ऐसे संत सदियों में आते हैं. महाराज जी को समझना संभव नहीं है, लेकिन उनकी एक झलक पाना जरूर संभव है. और हनुमान उसी झलक को बहुत खूबसूरती से दिखाती है. अगर आप महाराज जी को जानते हैं, तो ये फिल्म जरूर देखें.’
वीरेंद्र सहवाग ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा- महाराज जी की लीला बहुत निराली हैं. उनको समझना शायद संभव नहीं, उनकी कृपा को महसूस करना जरूर संभव है. हनुमान अंश एक महान संत की अद्भुत यात्रा, जरूर देखिए. जय सीता राम.
हनुमान अंश 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. अगर अब आपने ये फिल्म नहीं देखी है, तो देख लीजिए.
