LIVE : विष्‍णुदेव साय थोड़ी देर में लेंगे सीएम पद की शपथ, दो डिप्‍टी सीएम भी बनेंगे

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य बुधवार को शपथ ग्रहण करेंगे. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे. अधिकारियों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा. भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अरुण साव ने बताया कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह एक ‘ऐतिहासिक’ कार्यक्रम होगा.

अरुण साव ने कहा, ‘छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर भरोसा दिखाया है. जिस प्रकार से पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली है, शपथ ग्रहण समारोह भी ऐतिहासिक होने वाला है.’ भाजपा ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके आदिवासी नेता विष्‍णुदेव साय (59) को नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना. नई कैबिनेट में किसे शामिल किया जाएगा और क्या राज्य में दो उप मुख्यमंत्री होंगे, इन अटकलों के बीच साव ने कहा, ‘शपथ लेने वाले नेताओं की संख्या के बारे में समय आने पर जानकारी मिल जाएगी.’

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आज शाम 4 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा. दावा किया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं. अरुण साव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, अन्य राज्यों के वरिष्ठ भाजपा नेता, प्रतिष्ठित हस्तियां और बुद्धिजीवी समारोह में शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए विपक्ष (कांग्रेस) सहित राज्य के सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है