बंगाल में हिंसक झड़पों के बीच वोटिंग, पानिहाटी में RG कर रेप पीड़िता की मां को TMC वर्कर्स ने घेरा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है. दूसरे चरण में सात जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर कुल 3,21,73,837 मतदाता वोट डालेंगे. इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां हर बूथ की वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,321 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनात किया गया है. कोलकाता में सबसे अधिक 273 कंपनियां लगाई गई हैं. इसके अलावा 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं. ड्रोन कैमरों से भी मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी. इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं. भांगर सीट पर सबसे अधिक 19 उम्मीदवार हैं, जबकि हुगली जिले की गोगहाट सीट पर सबसे कम 5 उम्मीदवार हैं.

इस चरण में कई दिग्गज नेता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (भबानीपुर), विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी (भबानीपुर), राज्य मंत्री सुजीत बोस (बिधाननगर), फिरहाद हकीम (कोलकाता पोर्ट), ज्योतिप्रिया मल्लिक (हावड़ा), ब्रात्य बसु (दम दम), सोवंदेब चट्टोपाध्याय (बालीगंज) और बीजेपी के अर्जुन सिंह (नोआपाड़ा), स्वपन दासगुप्ता (राशबिहारी), रूद्रनील घोष (शिबपुर) शामिल हैं. सीपीआई(एम) की मीनाक्षी मुखर्जी (उत्तरपाड़ा), दीप्सिता धर (दम दम उत्तर), कलातन दासगुप्ता (पानीहाटी) और आईएसएफ के नौशाद सिद्दीकी (भांगर) भी चुनावी मैदान में हैं.

वहीं, राज्यपाल आर.एन. रवि और चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदाताओं से भारी संख्या में निकलने की अपील की है. इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर 93.19 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया था.

टीएमसी कार्यकर्ताओं ने RG कर रेप पीड़िता की मां और बीजेपी प्रत्याशी रत्ना देबनाथ को घेराव करते हुए भारी विरोध किया. हालांकि, इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया.

मतदान के दौरान भबानीपुर में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिल रहा है. बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दोनों एक ही मतदान केंद्रे के बाहर पहुंचे गए, जिससे इलाके में तनाव पैदा हो गया. इसी दौरान बीजेपी नेता ने मुख्यमंत्री के साथ बड़ी संख्या में लोगों के पोलिंग बूथ आने पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी एक उम्मीदवार के रूप में मतदान केंद्रों का दौरा करने का अधिकार रखती हैं, लेकिन उनके साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों को लेकर आने की जरूरत नहीं है.

उन्होंने ये भी कहा, ‘आज ममता बनर्जी एक उम्मीदवार हैं और उन्हें मतदान केंद्रों पर जाने का अधिकार है, लेकिन वो इतने सारे अपने लोगों के साथ यहां क्यों आई हैं? मैं भी सिर्फ अपने सुरक्षागार्ड्स के साथ बूथों का दौरा कर रहा हूं. उन्हें भी ऐसा ही करना चाहिए. उन्होंने इतने सारे लोगों को डर फैलाने के लिए साथ लाया है.’