दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर वोटिंग, राष्ट्रपति मुर्मू, LG वीके सक्सेना, राहुल ने वोट डाला

राष्ट्रीय

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, LG वीके सक्सेना, राहुल गांधी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी वोट डाल चुके हैं। 11 बजे तक 19.95% वोटिंग हो चुकी है। वोटिंग के दौरान AAP के 2 विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। AAP विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला ने संगम विहार थाने में फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया है। वहीं, ओखला विधानसभा से AAP विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। वोटिंग के बाद CM आतिशी ने कहा- दिल्ली का चुनाव धर्मयुद्ध है। नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस बार जनता प्रधानमंत्री मोदी के विजन को दिल्ली में लाने के लिए वोट कर रही है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा- लोग शीला दीक्षित के विकास के दिन याद कर रहे हैं। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल और माता-पिता गोबिंद राम केजरीवाल और गीता देवी के साथ लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वोट डालने पहुंचे। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से अरविंद केजरीवाल का मुकाबला कांग्रेस के संदीप दीक्षित और भाजपा के प्रवेश वर्मा से है।