देश के अधिकतर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. मैदानी से पहाड़ी राज्यों तक बारिश के चलते बाढ़ और लैंडस्लाइड की खबरें सामने आ रही हैं. देश की राजधानी दिल्ली में यमुना का रौद्र रूप देखने को मिला तो वहीं, यूपी के कई शहरों में भी बाढ़ के हालात हैं. ताजनगरी आगरा में भी यमुना खतरे के निशान के ऊपर बह रही है. ताजमहल की 2 फीट तक की दीवारें यमुना के पानी में डूब गई हैं l
आगरा में आज सुबह यमुना नदी का जलस्तर 497.30 फीट तक पहुंच गया है, जो मीडियम फ्लड लेवल से महज 2 फ़ीट नीचे है. ताजमहल के पीछे बने ताज व्यू पॉइंट पर भी यमुना नदी का पानी पहुंच गया है. ताज व्यू पॉइंट में पानी के पहुंचने के बाद व्यू पॉइंट को आम पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है. साथ ही, ताज महल के पीछे महताब बाग के पास में बनी ताज सुरक्षा पुलिस चौकी में भी यमुना नदी का पानी भर गया है. यमुना का पानी चौकी में पहुंचने के बाद वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी अपने-अपने सामान को लेकर पास में बनीं अस्थाई चौकी पर जा रहे हैं l
13 साल बाद इतना पहुंचा यमुना का जलस्तर
स्थानीय लोगों का कहना है कि यमुना का जलस्तर आज से 13 साल पहले इतना देखा गया था, लेकिन इस बार यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है. यमुना का बढ़ता जलस्तर लोगों को डराने लगा है. अगर इसी तरह जलस्तर बढ़ता रहा तो यमुना के पास बने दो दर्जन से अधिक गांव इसकी आगोश में आ जाएंगे. यमुना नदी का जलस्तर हर घंटे के साथ बढ़ रहा है. यमुना नदी का जलस्तर लो फ्लड लेवल को पार चुका है l