श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में एक ही दिन भारत और चीन के 4 वॉरशिप पहुंचे। इसमें से भारत का एक और चीन के 3 वॉरशिप हैं। भारतीय नौसेना का वॉरशिप INS मुंबई पहली बार श्रीलंका पहुंचा है। श्रीलंकाई नौसेना ने इसका स्वागत किया। ये इस साल आठवीं बार है जब किसी इंडियन शिप ने श्रीलंका का दौरा किया है।
चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की नौसेना के तीन वॉरशिप हे फेई, वुझिशान और किलियानशान भी सोमवार सुबह ऑफिशियल विजिट पर कोलंबो पोर्ट पहुंचे। INS मुंबई 163 मीटर लंबा वॉरशिप है जिस पर 410 क्रू मेंबर्स हैं। यह जहाज डोर्नियर टोही शिप के लिए जरूरी पार्ट्स लेकर पहुंचा है। भारत ने अगस्त 2022 में श्रीलंका की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए डोर्नियर टोही शिप गिफ्ट किया था। INS मुंबई, श्रीलंकाई नौसेना के साथ कुछ आयोजन में हिस्सा लेगा। 29 अगस्त को INS श्रीलंकाई जहाज के साथ ‘पैसेज एक्सरसाइज’ में भी भाग लेगा। INS मुंबई भारत का स्वदेशी वॉरशिप है, जिसे साल 2001 में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था।
