कुलगाम में पानी जमा, श्रीनगर में सबसे ठंडी रात, राजस्थान-एमपी में शीतलहर

जम्मू-कश्मीर में तेज सर्दी शुरू हो चुकी है। गुरुवार को श्रीनगर में -1.9°C के साथ सीजन की सबसे ठंडी रात रही। कुलगाम में पेड़ों की टहनियों पर बर्फ जम गई। जलस्रोतों और पानी की पाइपलाइनों में भी पानी जमने लगा है। कश्मीर संभाग के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियों का ऐलान किया गया है। प्री-प्राइमरी से 8वीं तक के स्कूल 30 नवंबर से 28 फरवरी तक बंद रहेंगे। वहीं, 9वीं से 12वीं तक की क्लास के लिए छुट्टियां 14 दिसंबर से 22 फरवरी तक रहेंगी। राजस्थान और मध्य प्रदेश के 22 शहरों में तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है। गुरुवार को फतेहपुर में 4.3 और एमपी के करौंदी में 6.8°C पारा रहा। दोनों राज्यों में आज से शीतलहर और बढ़ेगी।

सर्दी का असर दक्षिण भारत में भी दिखाई दे रहा है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में तापमान 9.6°C पर पहुंच गया है। वहीं, यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल समेत उत्तर भारत के 13 राज्यों में आज घने कोहरे का अलर्ट है।

28 और 29 नवंबर का अनुमान

दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घन कोहरे का अलर्ट है।

राजस्थान में लगातार दूसरे दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। आंध्र प्रदेश, रायलसीमा में तेज हवाएं चल सकती हैं।