CG : बालोद में अवैध ईंट भट्ठे की पानी टंकी ढही, दो महिलाओं की मौत, बच्ची गंभीर
छत्तीसगढ़ : बालोद जिले में चिखली डैम के पास स्थित ग्राम नर्राटोला में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे की पानी टंकी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 4 साल की एक मासूम गंभीर रूप से घायल है। घायल बच्ची को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक महिलाओं की पहचान चन्द्रकला डहरिया (45) और आशा बारले (29) के रूप में हुई है। घायल बच्ची अनुष्का (4) आशा बारले की बेटी है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे तीनों पानी टंकी के नीचे नहाने के लिए बैठी थीं। टंकी काफी कमजोर और जर्जर थी, जो अचानक ढह गई और तीनों मलबे में दब गईं। मौके पर मौजूद मजदूरों ने उन्हें बाहर निकालकर दल्लीराजहरा के संजीवनी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। नर्राटोला के सरपंच हिंसा राम चिराम के अनुसार, यह ईंट भट्ठा पूरी तरह अवैध था। पंचायत ने इसके लिए कोई अनुमति या NOC जारी नहीं की थी। करीब 10 से 15 परिवार यहां ईंट बनाने का काम कर रहे थे। यह भट्ठा दल्लीराजहरा के ठेकेदार राकेश पांडे द्वारा लगभग 3 एकड़ जमीन पर संचालित किया जा रहा था। दल्लीराजहरा पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शून्य में मामला दर्ज कर केस डायरी डौंडी थाने भेज दी है। डौंडी टीआई उमा ठाकुर ने बताया कि डायरी मिलते ही अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि पानी टंकी गिरने से ही मौत हुई है।
खनिज अधिकारी मीनाक्षी साहू ने कहा कि नर्राटोला में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे पर कार्रवाई की जाएगी। खनिज विभाग की टीम आज मौके का निरीक्षण करेगी। विभाग के अनुसार, जहां-जहां अवैध खनन या अवैध भट्ठों की शिकायतें मिल रही हैं, वहां लगातार कार्रवाई जारी है।
