वायनाड लैंडस्लाइड : मौत का आंकड़ा 402 पहुंचा, सर्च ऑपरेशन का आज 8वां दिन…

राष्ट्रीय

केरल के वायनाड में तेज बारिश के बाद हुए लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 402 हो गई हैं। इनमें से 181 लोगों के शरीर के सिर्फ टुकड़े ही मिले हैं। 180 लोग अब भी लापता हैं। सर्च ऑपरेशन का आज 8वां दिन है। रेस्क्यू टीम आज सोचीपारा के सनराइज वैली इलाके में तलाशी की जाएगी। यह एक ऐसा दुर्गम क्षेत्र है, जहां अब तक रेस्क्यू का काम नहीं हुआ था। वायुसेना के हेलिकॉप्टर से एक टीम यहां पहुंचेगी। वहीं प्रभावित इलाकों को 6 जोन में बांटकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सोमवार देर रात पुथुमाला में लैंडस्लाइड में मारे गए 29 अज्ञात लोगों और 154 बॉडी पार्ट्स का सामूहिक रूप से अंतिम संस्कार किया गया। उनकी आत्मा की शांति के लिए आज मंगलवार को सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया है। वायनाड में 29-30 जुलाई देर रात 2 बजे और 4 बजे के करीब मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में लैंडस्लाइड हुई थीं। इनमें घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां बह गईं।