महाकाल मंदिर के गणेश मंडपम् में सगाई के लिए पहनाई अंगूठी, कोर कंपनी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया

उज्जैन : ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में दिल्ली से आए दो भक्तों ने सगाई की रस्म निभाई। उन्होंने एक दूसरे को अंगूठी भी पहनाई। उसकी रील भी खुद ही बनवाई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से पूरा मामला सामने आया। उसके बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने निजी सुरक्षा एजेंसी कोर पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

दिल्ली से आए भक्त की रील में उन्हें कोटि तीर्थ कुंड से मंदिर में प्रवेश करते दिखाया गया है। इसके बाद नंदी हॉल से सटे पहले बैरिकेड यानी गणेश मंडपम् में महाकालेश्वर के सामने पहले युवक ने युवती को रिंग पहनाई, फिर यही रस्म युवती ने निभाई। इसका वीडियो भक्त पुलकित मल्होत्रा और गिन्नी खंडूजा ने अपनी इंस्टा आईडी पर पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि जब महाकाल राजी को क्या करेगा काजी।

वीडियो वायरल होने पर महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने यू-ट्यूब से वीडियो डिलीट करवा दिया है। उनका कहना है कि मंदिर और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जिम्मा कोर सिक्युरिटी का है। उस पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। साथ ही वे जिस प्रोटोकॉल से दर्शन के लिए आए थे, उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।