पालम में 92 KM की रफ्तार से चल रही धूलभरी आंधी, दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई जगह बारिश
दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है. नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं. पालम इलाके में 92 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल रही है. जिससे सड़कों पर धुंध छाई है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी कर दिया है. अगले कुछ घंटों में दिल्ली और आस-पास के इलाकों में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं, रोहतक से दिल्ली तक बादलों का गुबार है.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रोहतक के ऊपर एक ताजा और तेज कन्वेक्टिव क्लाउडमास (बादलों का समूह) दक्षिण-पूर्व दिशा में आगे बढ़ा है. बादलों के गुबार के असर से दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल रही है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के बवाना, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, सफदरजंग, लोधी रोड, बुद्ध जयंती पार्क, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, आईटीओ, कालकाजी, तुगलकाबाद और हरियाणा के रोहतक, खरखोदा, पलवल एवं आस-पास के इलाकों में अगले कुछ घंटों में आंधी-बारिश की संभावना है.
IMD ने तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं. हल्की बारिश के साथ गरज-चमक का भी अलर्ट है.
बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही सोमवार के लिए आंधी-बारिश का अनुमान लगाया था. मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट आई है. दिल्ली के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है. शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा है. IMD ने 15 जून को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान जताया है.
