ऑस्ट्रेलिया के तट पर फिर फंसी 160 पायलट व्हेल, 29 की मौत, 130 को रेस्क्यू किया गया

अंतरराष्ट्रीय

ऑस्ट्रेलिया के समुद्री तट पर 29 पायलट व्हेल्स की मौत हो गई। ऑस्ट्रेलिया के पार्क्स एंड वाइल्ड लाइफ सर्विस ने बताया कि पिया कोर्टिस बीच पर गुरुवार को करीब 160 व्हेल यहां पहुंची थीं। इनमें से 130 को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि करीब 29 की मौत हो गई। व्हेल के दोबारा तट पर आने के डर से स्पॉटर प्लेन और कई नावों के जरिए इनको मॉनिटर किया जा रहा है। बीच पर आने के बाद पायलट व्हेल आमतौर पर सिर्फ 6 घंटों तक ही जिंदा रह पाती हैं। ऑस्ट्रेलिया की वाइल्ड लाइफ सर्विस मरी हुईं पायलट व्हेल्स के सैंपल लेकर उसकी जांच करेंगी। ये व्हेल्स तट पर क्यों आई थीं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई हैं। इनमें ज्यादातर मादा व्हेल्स और उनके बच्चे शामिल थे। हवाले से बताया कि पायलट व्हेल सामाजिक होती हैं। यह एक दूसरे का काफी ध्यान रखती हैं। आमतौर पर जब एक व्हेल बीमार हो जाती है या तट पर फंस जाती है, तब दूसरी पायलट व्हेल भी उसकी मदद के लिए वहां पहुंच जाती हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के तटों पर पायलट व्हेल्स की मौत की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले साल जुलाई में भी ऑस्ट्रेलिया में करीब 100 पायलट व्हेल समुद्री तट पर पहुंची थीं। इनमें से 51 की मौत हो गई थी। वहीं स्कॉटलैंड में भी पिछले साल 55 पायलट व्हेल मारी गई थीं।