मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में जावरा मंडी में लहसुन सिर्फ तीन रुपये किलो बिका। किसान को जब 300 रुपये प्रति क्विंटल का रेट मिला तो पहले वह खूब रोया। फिर उसने गम दूर करने के लिए ढोल बुलवाया और उसी लहसुन पर थिरकने लगा। लहसुन पर नाचता किसान का वीडियो वायरल हो गया है।
रतलाम,MP
मंडी में लहसुन की नीलामी 300 रुपये प्रति क्विंटल यानी 3 रुपये किलो में तय हुई, तो सदमे में आया किसान लहसुन की फसल के ऊपर ही नाचने लगा..! pic.twitter.com/aUZg7cCJ1D— Govind ਗੋਵਿੰਦ گووند गोविंद गुर्जर (@govindtimes) April 6, 2022
दरअसल, इस बार मध्य प्रदेश की मंडियों में लहसुन को अच्छे भाव नहीं मिल रहे हैं। किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। यह मामला मंगलवार का है। जावरा में आम दिनों में 8 से 10 हजार क्विंटल लहसुन आ रहा है। लहसुन के रेट क्वालिटी के आधार पर एक से चार हजार रुपये प्रति क्विंटल मिल रहे हैं। मंगलवार को रेट अचानक गिरकर 300 रुपये तक पहुंच गया। गांव से जो किसान लहसुन बेचने मंडी पहुंचा था, वह धक्क रह गया। पहले तो गम में वह खूब रोया। फिर उसने कृषि मंडी से गुजर रहे ढोल वाले को बुलाया। रोते हुए ही वह किसान उसी लहसुन पर नाचने लगा। कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और अब यह वीडियो सिस्टम की पोल खोल रहा है। किसान का नाम तो पता नहीं चल सका है, पर जिसने ढोल बजाया उसका नाम फकीरचंद है। उसने बताया कि किसान ने मुझे रोका और ढोल बजाने को कहा। तब वह अचानक रोते-रोते ही नाचने लगा।