फोन पर तीन तलाक…कुवैत में बैठे पति पर पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
रायपुर में तीन तलाक से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने पति पर फोन कॉल के दौरान तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, राजातालाब क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसका पति शाहिद रजा, जो वर्तमान में कुवैत में नौकरी करता है। फोन पर बातचीत के दौरान उससे अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने कथित तौर पर तीन बार तलाक कहकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल, बातचीत से जुड़े उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को खंगाल रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
विदेश में रह रहे पति और रायपुर में रह रही पत्नी के बीच हुए इस विवाद ने एक बार फिर तीन तलाक से जुड़े कानूनी प्रावधानों और महिलाओं के अधिकारों को लेकर चर्चा छेड़ दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
